ताज़ा खबर :वरदान या अभिशाप?
डिजनी होटस्टार पर नया शो "ताज़ा खबर" दर्शकों के बीच काफी पसंद किया जा रहा है। कहानी में मुख्य पात्र क्रमश: भुवन बाम, श्रिया पिलगवांकर हैं। कहानी में भुवन सफाई कर्मचारी (वसंत) का किरदार निभाते नज़र आते हैं। फिल्म के ज़रिए बताया गया कि जब वसंत यानि सफाई कर्मचारी गरीब था तो उसका व्यवहार काफी सरल और अच्छा था, वह सबसे अच्छा वर्ताव करता था।
एक रोज़ उसके टॉयलेट में एक बुजुर्ग असहाय महिला लैट्रिन करते हुए बेहोश हो गई, उसे लोगों ने घूर-घूरकर देखना शुरू कर दिया, उसका आधा हाथ पैखाने के अन्दर और आधा शरीर ऊपर था। ऐसे में लोग भीड़ बनाकर चारों तरफ खड़े होकर बात करने लगते है कि अब इस बुढ़िया को यहां से कौन निकालेगा। कुछ ने कहना शुरू कर दिया कि वैसे भी यह बुजुर्ग है, मर ही जाएगी । कुछ तो उसका मजाक उड़ाने लगे कि पास जाकर अपने हाथ गंदे क्या करना। तभी उस वक्त वसंत (सफाई कर्मचारी) पहुँचता है। उसने भीड़ को हटाया और बुजुर्ग महिला को बाहर लाकर उसके हाथ-पैर साफ़ किए, उसे उसके घर तक छोड़ने के लिए निकला। तभी रास्ते में वसंत ने महिला की मदद करने के मकसद से कुछ जुटाए पैसे उनके हाथ में थमा दिए। बुजुर्ग महिला वसंत से प्रसन्न होकर उसे वरदान देती है कि आज से तुम्हे सब कुछ वक्त से पहले ही पता चल जाएगा। हर ताज़ा खबर वक्त से पहले तुम जान जाओगे। ऐसे में पब्लिक टॉयलेट में काम करने वाले वसंत की ज़िन्दगी ही पलट गई।
इसके बाद जैसे वसंत की ज़िन्दगी ही बदल गई। वसंत, मधु से प्यार करता था। फिल्म में श्रिया आपको मधु का किरदार निभाती हुई नज़र आएगी। मधु कोठे (वैश्यावृति) का काम करती थी और वसंत उसे वहां से ले जाकर अच्छी ज़िन्दगी देना चाहता था। लेकिन उसके पास पैसे नहीं थे। उस रात बुजुर्ग महिला के वरदान के बाद वसंत की ज़िन्दगी पलट गई। यूं कह लो कि रातो रात भुवन अमीर बन गया।
धीरे-धीरे अब उसके सारे सपने सच होने लगे। अब क्रिकेट के वो बड़े-बड़े बेट लगाकर, और क्रिप्टो से करोड़ों पैसे कमाने लगा। शो में भुवन बाम, वसंत की भावनाओं को उजागर करने में सफल रहे। शो के शुरूआती एपिसोड में पात्र को उजागर किया जाता है, उसकी ज़िन्दगी और घर-परिवार से अवगत करवाया जाता है। शो में ताज़ा खबर की एंट्री के बाद से फिल्म में मिर्च मसाले का तड़का डालने की कोशिश जो की गई वह काफी दमदार रही। साथ ही साथ ऐसे कुछ रोचक सीन भी दिखे जहां ऑडियंस के बीच सस्पेंस क्रिएट करने की सफल कोशिश भी हुई।
दूसरी तरह श्रिया यानि फिल्म में मधु, जो वसंत की गर्लफ्रेंड है, उसने भी अपने किरदार को बखूबी निभाया। वह बुटिक खोलना चाहती थी, वसंत अब अमीर हो चुका था और मधु भी अपने सपने साकार करने में लग गई। सभी की ज़िन्दगी पटरी पर आ रही थी।
शो में मुझे सबसे इमोशनल सीन लगा जब वसंत की माँ अपने बेटे के जन्मदिन पर उसके केक और नए कपड़े खरीदने के लिए अपने मालिक के यहां से चोरी की, ऐसे में एक माँ की ममता और बेटे के प्यार का काफी दयनीय सीन बनाने की सफल कोशिश की गई।
सभी की ज़िन्दगी पटरी पर आने के बाद कहानी में ट्विस्ट तब आया जब जेडी की एंट्री हुई। जेडी एक स्थानीय नेता है जो सिएम बनना चाहता था। जब वसंत की गर्लफ्रेंड यानि मधु वैश्यावृति का काम करती थी तब अक्सर जेडी उसके यहां जाया करता। वह उससे प्यार करने लगा था। ऐसे में जेडी को वसंत से जलन होने लगी, वह अक्सर सोचता कि इसके पास इतना पैसा आया तो आया कहां से? वह वसंत को पुलिस से पकड़वाना चाहता था लेकिन वसंत ने अपनी समझदारी के बलबूते ऐसा होने नहीं दिया।
अब धीरे - धीरे वसंत को अपनी बुद्धिमत्ता पर घमंड होने लगा। अपने साथ काम कर रहे बाकी तीन-चार लोगों को वह कुछ भी नहीं समझता। उसका दिमाग भी बेकाबू होने लगा। न्यू इयर की पार्टी चल रही थी तभी उसके फोन में ताज़ा खबर आती है की उसकी गर्लफ्रेंड का जेडी के साथ अफेयर चल रहा है, इस बात पर उसका दिमाग गर्म हो जाता है और पार्टी में बेकाबू होकर सबके सामने मधु से लड़ाई करता है। ऐसे में मधु वहां से चली जाती है। अब वसंत बेहद उदास था, उसे लगने लगा था कि वह कितना बदल गया है, पहले कितना सरल और अच्छा जीवन जीता था जब उसके पास कुछ भी नहीं था, न मधु न पैसे और न अच्छे दोस्त। लेकिन जब सामने सब कुछ पड़ा है तो वह संभाल ही नहीं सका। इतने में उसके फोन पर फिर ताज़ा खबर आती है, लेकिन इस बार यह सच में चौंकाने वाली खबर है, कि वसंत की हत्या कर दी जाएगी ।
अब आगे के एपिसोड का इंतज़ार करते है, अभी तो बस इतना ही हम आपको बताएँगे।


Great work
ReplyDelete