क्या नए साल में किसान फिर करेंगे आंदोलन?

Written by सुप्रिया रानी 


साल 2020 में किसानों ने मोदी सरकार के कृषि कानून के विरोध में किसान आन्दोलन किया। भारत के कई हिस्सों से आए किसानों ने दिल्ली सीमा पर विरोध प्रदर्शन किया था। बारिश, गर्मी का सामना करते हुए यह प्रदर्शन एक साल से भी ज्यादा समय तक जारी रहा। इसने विदेशों में भी खूब सुर्खियाँ बटोरीं। 



इस वक्त फिर से पंजाब के कुछ किसान जोशीले नारों के साथ सड़कों पर उतर आए हैं। इस बार उनकी नाराजगी शराब फैक्ट्री को लेकर हुई है। पंजाब के फिरोजपुर जिले में एक शराब फैक्ट्री को हटवाने की मांग की जा रही है। इसमें ज्यादातर किसान है। किसानों का कहना है कि फैक्ट्री से निकलने वाला जहरीला पानी जमीन को प्रदूषित कर रहा है, ऐसे में कई बार स्थितियां तनावपूर्ण भी बन चुकी है। 

बीबीसी की ग्राउंड रिपोर्ट के मुताबिक, 81 साल की रणजीत कौर पंजाब के फिरोजपुर जिले के गांव मंसूरवाल कला में कई दिनों से शराब की फैक्ट्री बंद करवाने के लिए धरने पर बैठीं हैं। यहां वे कुछ समय लंगर की सेवा करती हैं और बाकी समय में प्रदूषण का गांववालों के शरीर पर हो रहे नुकसान को समझती हैं। वे कहतीं हैं कि, हम अब सोच रहे हैं कि हमारी आने वाली पीढ़ी क्या करेगी। चाहे जितने साल हमें धरने पर बैठना पड़े, हम बैठेंगे। सरकार को हमारी बात सुननी पड़ेगी क्योंकि इस प्रदूषित पानी से गांव के लोगों को काफी नुकसान हो रहा, बस इतना ही नहीं बल्कि आने वाली सभी पीढ़ियों को नुकसान होगा। उनकी मांग है कि या तो फैक्ट्री को हटाओ या पानी साफ करो। 

यहां पिछले पांच महीने से धरना दिया जा रहा है जिसमे तक़रीबन 40 गांवों के किसान रोजाना धरने पर बैठकर इनका समर्थन कर रहे हैं। 


-प्रदूषित हो रहा जमीनी पानी:


गांववालों का दावा है, फैक्ट्री से निकलने वाला पानी गांव की जमीन को प्रदूषित कर रहा है। यहीं वजह है कि गांव के लोग और जानवर आए दिन बीमार हो रहे हैं। 

पीड़ित बताते हैं कि उनके यहां वाटरवॉक्स का पानी भरा है, और जो मोटर का पानी है वह साफ़ भी नहीं। टंकियां और नालियां बंद पड़े हैं। जब पानी इतना गन्दा है तो इसे फ़िल्टर करके भी कोई फायदा नहीं होता। समस्या दिन-प्रतिदिन बढ़ रही है। आए दिन पेट दर्द की समस्या रहती है। गांव में आने वाला पानी इतना काला पड़ गया है कि उसे जानवर तक नहीं पीते। 

नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल का कहना है कि गांव का पानी प्रदूषित है, लेकिन इस बात से मुकर गई कि इसका कारण शराब फैक्ट्री है। टीम का कहना है कि हमने लोगों के मुताबिक पानी का सैंपल लिया, जब रिपोर्ट हमारे सामने आया तो पता चला कि पानी का यह रंग प्रदुषण के कारण काला नहीं है। ऐसे में एनजीटी ने फैक्ट्री को क्लीन चिट दे दी है। 

गांव के कई लोगों से प्रदूषित पानी की वजह से अपने पशु भी खो दिए हैं। पीड़ितों को फैक्ट्री वालों ने पैसे देकर बात सलटाने की बात भी कही। जब गांव वालों ने पूछा कि हमें पैसे क्यों दे रहे हैं, तो वे कहते हैं क्योंकि आपका नुकसान हुआ। 


-कंपनी के बारे में:


इस कंपनी की स्थापना 2006 में हुई थी। करीब 42 एकड़ जमीन पर यह फैली हुई है। यहां एथेनोल और एल्कोहोल बनाया जाता है। इस मामले में फैक्ट्री प्रबंधक के मुताबिक, 70 पशुओं की जान गई है। गांव के सरपंच ने ही कहा था कि एक भैस मरी है तो तीस हज़ार दे दो, दो गाय मरे हैं तो 60 लाख इसलिए हमने गांववालों को पैसे दिए। हम अपनी फैक्ट्री की जाँच करवाने को तैयार हैं। हाँ, गांव में प्रदुषण है लेकिन वह फैक्ट्री की वजह से नहीं है। 

बताते चलें कि विरोध प्रदर्शन के चलते पांच महीने से फैक्ट्री बंद है और यह मामला पंजाब, हरियाणा कोर्ट में है। फिलहाल कोर्ट ने दूषित पानी की जाँच का आदेश दिया है।    

No comments

Powered by Blogger.