एलपीयू में मंदीप कौर टांगरा ने बच्चों से की बात, खुद पर निर्भर रहने की दी सलाह
written by सुप्रिया रानी
लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी, जालंधर में शुक्रवार को सिम्बा क्वार्ट्ज की सीईओ मनदीप कौर टांगरा ने जर्नलिज्म के विद्यार्थियों से बातचीत की। बच्चों को खुद पर निर्भर रहने की सलाह दी। सोशल मीडिया कंटेंट राइटिंग पर आयोजित वर्कशॉप में उन्होंने बताया कि कैसे सोशल मीडिया पर कंटेंट लिखा जाए जिससे ज्यादा से ज्यादा नेटवर्क बनाने में आसानी हो, यह भी बताया कि आर्गेनिक कनेक्शन के क्या फायदें होते हैं।
![]() |
| Image credit: lpujournalism |
बताते चले कि मंदीप कौर टांगरा प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी से 2011 में पासआउट स्टूडेंट हैं। वे अमृतसर के एक गुमनाम गांव टांगरा से आती हैं। बच्चों से बातचीत के दौरान उन्होंने अपने स्टूडेंट लाइफ के स्ट्रगल को ज़ाहिर किया। बताया कि कैसे वे हर दिन अमृतसर से जालंधर प्राइवेट बस में धक्के-मुक्के खाकर पढ़ने कॉलेज आती थी, उनके पास हॉस्टल में रहने के लिए उतने पैसे नहीं होते थे, ऐसे में भी उन्होंने कभी भी एक भी लेक्चर छोड़ा नहीं। उनके पिता टांगरा स्थित अपनी आटा चक्की चलाते थे, स्कालरशिप के बावजूद भी कॉलेज की फीस काफी मुश्किल से हो पाती थी लेकिन मंदीप ने हार नहीं मानी। अपने जूनियर्स को उन्होंने खुद से हर काम करने और अपने काम पर पूरा भरोसा करना सिखाया। बताया कि अपने इलाके में रहकर लोगों की परेशानियों से निपटने का तरीका तलाशें, तब जाकर कहीं एक अच्छे पत्रकार बन पाएंगे।
बताते चलें कि मंदीप कौर टांगरा ने अपने पैतृक गांव में एक आईटी कंपनी की स्थापना की है, जिसके अब दस साल पूरे हो चुके हैं। यहां वे आईआईएम और आईआईटी स्नातकों के अलावा स्थानीय लोगों को रोज़गार प्रदान कर रही हैं। उनका मानना है कि लोगों के वेतन हमेशा बढ़ते रहने चाहिए जो उन्हें और अच्छा करने को प्रोत्साहित करता है। उनकी कंपनी सिम्बा क्वार्टज़ एक आईटी कंपनी है जो टांगरा (अमृतसर) में स्थित है। अतः अपने ही गांव में उन्होंने दो करोड़ टर्नओवर वाली आईटी कंपनी खड़ी की है। कंपनी ने कोरोना महामारी में लॉकडाउन के दौरान काम के अवसरों में 40 प्रतिशत की कमी के बावजूद वेतन में वृद्धि की है।
![]() |
| Image credit: lpujournalism |
लवली स्कूल ऑफ़ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन डिपार्टमेंट में आयोजित "सोशल मीडिया कंटेंट राइटिंग" वर्कशॉप में मंदीप कौर ने बच्चों की प्रतिभा को उजागर किया। कहा कि यदि आप कुछ कर दिखाने का हौसला रखते हैं, तो फिर बड़ी-सी दुनिया का हर तरीके से सामना करने के लिए तैयार हो जाए। कभी भी कुछ भी गलत होते न देखें, और न ही भीड़ का सहारा लें। तब जाकर आप एक अच्छे पत्रकार बन पाएंगे।



Post a Comment