लाल किले पर लाइट एंड साउंड शो का आज से आयोजन शुरू

 written by सुप्रिया रानी 

लाल किले पर आज से लाइट एंड साउंड शो का आयोजन शुरू हो चुका है। पर्यटकों के लिए खास जय हिन्द साउंड एंड लाइट शो प्रोग्राम की शुरुआत हो रही है। बता दें, इस शो की शुरुआत फरवरी में होने वाली थी लेकिन अब आज से शुरू कर दिया गया। 

जानकारी के मुताबिक, नौबत खाने पर इस शो का काम डालमिया ग्रुप ने किया है तो वहीं 16 जनवरी की शाम को प्रोग्राम की शुरुआत गृहमंत्री अमित शाह के हाथों हुई। पहले होने वाले शो से यह बिल्कुल अलग होगा। अब कलाकार पूरे शो के दौरान नाटक के ज़रिए विभिन्न घटनाक्रम को दिखाएंगे।

Image credit: TV9 Bharatvarsh 


ऐसे में पर्यटकों को 17 शताब्दी से लेकर आज तक के भारत का इतिहास देखने को मिलेगा। इसके लिए नाटकीय प्रस्तुति की जाएगी। शो की समय सीमा एक घंटा तय है। आपको इसमें मराठों का उदय, 1857 का स्वतंत्रता संग्राम, आज़ाद हिन्द फौज का उदय और INA के मुकद्दमों सहित भारत के इतिहास के प्रमुख प्रसंग का जीवंत चित्रण देखने को मिलेगा। तीन भागों में बटा यह शो नौबतखाना से दीवान-ए-आम और फिर दीवान-ए-खास तक लाल किले के अन्दर विभिन्न स्मारकों में प्रदर्शित किया जाएगा। 

बता दें, 5 साल के अंतरार के बाद लाल किले में यह शो एक नए सिरे से शुरू हो चुका है। अब यह नया लाइट एंड साउंड शो देशभक्ति को और भी मजबूत करेगा। 

-टाइमिंग और टिकट की जानकारी:

एक बार में 700 लोग इकट्ठे इस शो को देख पाएंगे। बैठने की व्यवस्था के साथ अंग्रेजी और हिंदी भाषाओँ में आम जनता के लिए शो प्रदर्शित हो रहा है। यह शो मंगलवार से रविवार तक चलेगा, सोमवार को अवकाश रहेगा। शाम 6 से 7 बजे तक शो की टाइमिंग है वहीं 7:30 से 8:30 बजे तक ये शो अग्रेजी में भी चलाया जाएगा ताकि विदेशी पर्यटक भी इसका आनंद ले सकें। टिकट का दाम 500 रुपए प्रति व्यक्ति तय किया गया है।  

No comments

Powered by Blogger.